हमला कर युवक को घायल किया
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के मोहल्ला विवेक विहार में घर से बुलाकर ले जाए गए युवक को आरोपी घर के बाहर गंभीर हालत में फेंककर फरार हो गए। घायल युवक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने पुलिस में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
मोहल्ला विवेक विहार निवासी आशु को शनिवार को कुछ लोग घर से बुलाकर ले गए थे। उसके बाद युवक घर नहीं पहुंचा था। परिजनों ने युवक की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह युवक गंभीर हालत में घर के बाहर अर्द्धबेहोशी की हालत में पड़ा हुआ मिला। परिजनों ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली में भर्ती कराया और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। परिजनों ने आरोपियों पर घर से बुलाकर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाते हुए थाना आदर्श मंडी में तहरीर दी है। थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि इस घटना की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।