शुगर मिल से कीमती सामान चोरी करने पर आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। शामली शुगर मिल में भैंसा बुग्गी से गन्ना तौलने आए किशोर सहित दो आरोपियों ने केन यार्ड से लोहे का सामान चोरी कर लिया। चौकीदार ने गेट पर सामान की जांच करने की कोशिश की तो आरोपियों ने चौकीदार को डंडा मारकर भाग निकले। इसके बाद मेन गेट पर एक किशोर को चोरी किए गए माल समेत पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि रविवार रात को किशोर सहित दो लोग अपनी-अपनी भैंसा बुग्गी में गन्ना लेकर तौलने आए थे। गन्ना तुलवाने के बाद रात करीब साढ़े 12 बजे दोनों ने एक भैंसा बुग्गी में केन यार्ड से करीब 20 हजार रुपये कीमत का सामान बिजली मोटर, एक पुली, केन अनलोडर, बैरिंग, सरिया आदि चोरी की नीयत से रख लिया। इसके बाद जब वे मिल से बाहर जा रहे थे, तो मिल में स्थित मैली गेट स्थित चौकीदार ने शक होने पर बुग्गी को चेक करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने चौकीदार को डंडा मार दिया और भैंसा बुग्गी तेजी से भगा ले गए। चौकीदार की सूचना पर बुढ़ाना रोड स्थित मेन गेट पर उनकी भैंसा बुग्गी रोक ली गई। इस दौरान एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर चोरी किए माल समेत भैंसा बुग्गी को कब्जे में ले लिया। इस मामले में शुगर मिल के सुरक्षा महाप्रबंधक आरके गुप्ता की तरफ से गई तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
आरोपी दे चुका है पुलिस भर्ती परीक्षा
शामली। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि मिल से सामान चोरी करने के आरोप में पकड़ा गया आरोपी इंटर पास है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए उसने पिछले साल पुलिस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा दी थी, जिसका अभी रिजल्ट नहीं आया है। इसके अलावा वह एसएससी की परीक्षा भी दे चुका है।