थानाभवन। स्कूल जाते वक्त कुछ छात्रों ने अपनी कक्षा के ही एक छात्र पर हमला कर दिया। इस दौरान कान पर चाकू लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की मां ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव भैसानी इस्लामपुर निवासी महमूदन ने तहरीर देकर बताया कि उसका पुत्र हसीन कस्बे के लाला लाजपत राय इंटर कॉलेज में कक्षा-11 का छात्र है। पिछले कुछ दिनों से हसीन की कक्षा का ही एक छात्र उसके साथ गाली-गलौज कर रहा था। शनिवार सुबह हसीन गांव से अपने स्कूल जा रहा था। आरोप है कि स्कूल से करीब 200 मीटर पीछे उक्त युवक अपने चार दोस्तों के साथ पहुंचा और हसीन के साथ गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान युवकों ने हसीन के कान पर चाकू से वार भी किया। शोरशराबा होने पर आसपास के छात्रों के मौके पर पहुंचने पर युवक मौके से फरार हो गए। उधर, थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि मामले की जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।