अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। कचहरी परिसर में एक लेखपाल के पास काम करने वाले एक युवक ने अधिवक्ता के साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट कर दी। जिससे वहां हंगामा हो गया। अधिवक्ताओं ने एसडीएम से मिलकर मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
बुधवार दोपहर तीन बजे कचहरी परिसर में युवक ने कांधला क्षेत्र के एक अधिवक्ता के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी युवक ने मारपीट कर दी, जिसके बाद हंगामा हो गया। मामला बढ़ता देख उक्त युवक मौके से फरार हो गया। बाद में अधिवक्ता बार एसोसिएशन के पूर्व बार अध्यक्ष शैलेंद्र चौधरी के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और उन्हें पूरी घटनाक्रम के बारे में बताया। अधिवक्ताओं ने बताया कि उक्त युवक कचहरी में अधिवक्ताओं से रुपये की मांग करता है, जिसके मना करने पर उनसे अभद्रता की जाती है। उन्होंने आरोपी युवक पर कार्रवाई की मांग की। बार के पूर्व अध्यक्ष ने बताया कि घटना को लेकर एसडीएम से मिले हैं। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।