बारात में आए युवक को पीटा
कैराना। क्षेत्र के बदलूगढ़ निवासी विजय ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर हुए बताया कि वह शुक्रवार को अपने पड़ोसी की बारात में तितरवाड़ा गांव गया था। आरोप है कि वहां पर दूल्हे के कुछ रिश्तेदारों ने मामूली कहासुनी होने पर लाठी-डंड़ों से मारपीट कर दी। इसमें उसका सिर फूट गया। पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी पर भर्ती कराकर उपचार दिलाया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच प्रारंभ कर दी है।
पोस्टमार्टम के बाद दफनाया गया शाहनवाज का शव
कांधला। शाहनवाज का शव कब्र से निकालने के बाद पोस्टमार्टम होने पर कस्बा कांधला में पहुंचा। दोपहर बाद शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
28 जून को कस्बा कांधला के मोेहल्ले खैल निवासी शाहनवाज की कैराना क्षेत्र में बसेड़ा घाट के पास नदी में डूबने से मौत हो गई थी, तब परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया था और शव सुपुर्द ए खाक कर दिया था। वहीं, बाद में शाहनवाज के पिता मकसूद ने कैराना कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके बेटे की हत्या की गई है। इसके चलते शुक्रवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शाहनवाज का शव निकाला गया और फिर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम होने के बाद शनिवार को उसका शव कांधला लाया गया और घसौली मार्ग स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया। इस दौरान सैकडो लोगों के अलावा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।