सोने की चेन झपटने के मामले में वांछितों के घर कुर्की नोटिस चस्पा
अंबेहटा। दो माह पूर्व खेड़ा अफगान गांव में युवती के गले से सोने की चेन झपटने के मामले में वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों के घरों पर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई से संबंधित नोटिस चस्पा कर दिए। चौकी प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि निर्धारित समय में आत्मसमर्पण न करने पर अभियुक्तों के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि 11 मई की रात करीब आठ बजे बाइक सवार चार युवकों ने कुरड़ीखेड़ा गांव निवासी युवती कविता के गले में पड़ी सोने की चेन झपट ली थी। कविता खेड़ा अफगान गांव में अपने मामा की लड़की की शादी में शामिल होने आई थी। ग्रामीणों ने युवकों का पीछा कर एक युवक को दबोच लिया था, जबकि उसके तीन साथी भागने में कामयाब हो गए थे। मामले में पुलिस ने अनिल पुत्र भान सिंह निवासी ग्राम रामपुरा थाना झिंझाना, जीत सिंह उर्फ जीतकुमार पुत्र किशन, हरी पुत्र हरीप्रकाश पुत्र जगदीश, फूल सिंह उर्फ फूल्लू पुत्र पातीराम सभी निवासी गांव बिरालियान थाना झिंझाना के विरुद्ध आईपीसी की धारा 392 में मामला दर्ज किया था। अनिल को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है, जबकि उसके तीन साथी तभी से फरार चल रहे हैं। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के मकान पर कुर्की की कार्रवाई से संबंधित नोटिस चस्पा कर दिए हैं। चौकी प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि निर्धारित समय में आत्मसर्मपण न करने की दशा में तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।