क्षेत्र के गांव उस्मानपुर में कूड़े के ढेर में नवजात बच्ची का शव पड़ा मिला, जिसको कुत्ते नोंच रहे थे। चौकीदार की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव उस्मानपुर में बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे चौकीदार चौहल सिंह पुत्र ज्ञान सिंह गली से गुजर रहा था। गांव में कूड़े के ढेर पर कुछ कुत्ते खींचतान कर रहे थे। चौकीदार ने पास जाकर देखा तो वहां नवजात बच्ची का शव था। चौकीदार ने कुत्तों को भगाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थानाभवन पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बच्ची का डीएनए टेस्ट के लिए स्लाइड रख ली गई।
गरीबों को किया गया कंबलों का वितरण
थानाभवन। दिल्ली सहारनपुर रोड पर प्राइमरी विद्यालय में तहसीलदार ने राजस्व विभाग की टीम के साथ पहुंचकर गरीबों और जरूरतमंदों को कंबलों का वितरण किया। इस दौरान कुछ महिलाओं ने बताया कि पहली बार सरकार की तरफ से उनको सर्दियों में कंबल मिले हैं। कंबल पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। कंबल पाने वाली श्यामा, चुन्नी, संतोष, बसंती, सरवती, शांति, कविता, महेंद्र, कश्मीरी ने सरकार की खूब तारीफ की। इस मौके पर तहसीलदार राकेश कुमार त्यागी, कानूनगो सुरेश पाल शर्मा, लेखपाल शैलेंद्र सिंह, लेखपाल विनोद कुमार, नरेंद्र त्यागी, नरेंद्र सैनी, हरीश और मुकेश आदि मौजूद रहे।