कार सवार युवकों ने दुकानदार को गोली मारी
शामली।
कस्बा बनत में कार सवार युवकों ने दुकानदार से गाली गलौज की। विरोध करने पर तमंचे से गोली मार दी। दुकानदार का बेटा बीच बचाव में आया, तो उसके सिर पर तमंचे की बट से प्रहार कर दिया। मौके पर भीड़ इकट्ठा हुई, तो आरोपी अपनी कार को छोड़कर पैदल ही फरार हो गए। घटना को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। घायल दुकानदार और उसके बेटे को शामली स्थित अस्पताल लाया गया। वहां से दुकानदार को गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया गया।
कस्बा बनत के मोहल्ला गांधीनगर निवासी फैय्याज (35) पुत्र यासीन बनत में मुख्य मार्ग पर कन्फेक्शनरी की दुकान है। फैय्याज का भाई समाचार पत्र विक्रेता है। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े सात बजे कार सवार तीन युवक फैय्याज की दुकान पर पहुंचे। युवकों ने फैय्याज से रुपयों की मांग की और गाली गलौज करने लगे। युवक शराब के नशे में थे। फैय्याज ने गालीगलौज करने का विरोध किया, तो एक युवक ने तमंचा निकाल कर फैय्याज को गोली मार दी। फैय्याज के बेटे उस्मान ने विरोध किया, तो उस पर तमंचे की बट से प्रहार किया गया। गोली की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ इकट्ठा हुई, इसी दौरान दोनों आरोपी पैदल ही मौके से फरार हो गए और अपनी कार छोड़ गए। घटना की सूचना मिलने पर आदर्श मंडी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र पंवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच लोगों ने घायल फैय्याज और उसके बेटे उस्मान को शामली के एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद फैय्याज को मेरठ रेफर कर दिया गया। आदर्श मंडी थाना प्रभारी धर्मेंद्र पंवार ने बताया कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हमलावरों की कार में तोड़फोड़
दुकानदार को गोली मारने और उसके बेटे को तमंचे की बट मारकर घायल करने की घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने कार में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर मौजूद जिम्मेदार लोगों ने गुस्साई भीड़ को किसी तरह शांत किया। वहीं, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी भी कस्बा बनत के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिससे तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बनत कस्बा में हुई घटना के बाद एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया। आदर्श मंडी थाना पुलिस देर रात तक मौके पर मौजूद रही। वहीं, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
-- हत्या के मामले में जेल जा चुका है एक आरोपी
दुकानदार को गोली मारने के मामले में देर रात तक पीड़ित परिवार की तरफ से हमलावरों के नाम पुलिस को बताए गए। मालूम चला है कि उनमें से एक आरोपी पूर्व में भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस की टीमें आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी हुई हैं।