बच्चों के विवाद में महिला को पीटा
कैराना। मोहल्ला नोगजा पीर निवासी शाइदा ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह एक साल से किराये के मकान में रहती है। बृहस्पतिवार रात 10 बजे पड़ोसी परिवार के बच्चों का उसके बच्चे के साथ झगड़ा हो गया। शोर सुनकर जब वह घर से बाहर आई, तो पड़ोसी परिवार ने पीटकर उसे घायल कर दिया। हमलावरों ने उसके कुंडल भी खींच लिए। शोर-शराबा होने पर मोहल्ले वालों ने मौके पर आकर उसकी जान बचाई। तहरीर में आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई। एसडीएम ने कोतवाली प्रभारी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शांतिभंग के आरोप में चालान
कैराना। कांधला तिराहे पर बृहस्पतिवार रात 10 बजे एक होटल में खाने का बिल नहीं चुकाने पर झाड़खेड़ी निवासी सोनू और होटल मालिक जमीर का विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सोनू, होटल मलिक जमीर, फरमान निवासी आल खुर्द और आस मोहम्मद निवासी बेगमपुरा को हिरासत में ले लिया। चारों का शांतिभंग में चालान कर शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर दिया गया। उधर, गांव तीतरवाड़ा में इशम सिंह का गांव के ही नीटू के साथ झगड़ा हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इशम सिंह को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा आजम निवासी गांव बरनावी को पड़ोसी परिवार के साथ झगड़ा करने पर शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।