शामली। एक स्कूल की बस के चालक ने कक्षा एक में पढ़ने वाले छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके विरोध में परिजनों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया। प्रबंधन समिति ने बस चालक को हटाने का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया।
एक मोहल्ला निवासी कक्षा एक का छात्र शहर के एक स्कूल में पढ़ता है। एक दिन पूर्व स्कूल बस में अन्य बच्चों के साथ शरारत करने पर चालक ने उसकी पिटाई कर दी। बस चालक की पिटाई के डर से छात्र गुमसुम सा हो गया। शुक्रवार को बालक ने स्कूल की बस में जाने से इंकार करते हुए रोना शुरू कर दिया। छात्र के पिता ने बस चालक से जानकारी की तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। अन्य छात्रों ने बस चालक द्वारा पिटाई करना बताया। इस पर परिजन स्कूल पहुंचे और प्रबंधन समिति से बस चालक की शिकायत करते हुए हंगामा किया। प्रबंध समिति ने मामले की जांच कर चालक को हटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन संतुष्ट होकर घर लौट गए। परिजनों ने इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं की है।