बाबरी (शामली)। सहारनपुर के कोतवाली नकुड़ क्षेत्र के गांव रोशनपुर निवासी अनुराग पुत्र रामवीर अपनी मौसी के यहां गांव सोंटा आया हुआ है। शनिवार की रात अनुराग और उसका मौसेरे भाई वैभव भैंसा बुग्गी से भूसा उतार रहे थे। इसी दौरान कार सवार छह युवकों ने अनुराग पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया था। शोर शराबा होने पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई थी और आरोपी अंकित और शिवा पुत्र जितेंद्र निवासी गढ़ी नौआबाद थाना भौराकला (मुजफ्फरनगर) को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था। बाद में भौराकलां क्षेत्र के मुंडभर गांव निवासी अंकुर ने बाबरी थाने पहुंचकर खुद को जानलेवा हमले का आरोपी बताया था।
रविवार को बाबरी थाना पुलिस ने आरोपी अंकित और शिवा को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया। अंकुर को अभी पुलिस ने हिरासत में लिया हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि अंकुर से उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी ली जा रही है। जल्दी ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।