किसी बात पर अपने साथियों के साथ विवाद होने पर एक युवती ने पूर्वी यमुना नहर में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने युवती को नहर से सकुशल बाहर निकाल लिया।
रविवार शाम एक युवक और दो युवती काफी देर तक कस्बा कांधला के पूूर्वी यमुना नहर पटरी सिंचाई भवन के पास खड़े थे। किसी बात पर इनमें कहासुनी रही थी, जिसे देखकर लोग वहां इकट्ठा हो गए। लोगों ने नाम पता पूछा, तो उन्होंने बताया कि बागपत जिले के एक गांव के रहने वाले हैं। विवाद का कारण उन्होंने नहीं बताया। इसी दौरान उनमें से एक युवती ने पूर्वी यमुना नहर पटरी के पुल पर चढ़कर आत्महत्या करने की नीयत से नहर में छलांग लगा दी। पानी तेज बहाव में युवती बहने लगी।
शोरशराबा होने पर मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी बीच दो युवकों ने नहर में कूदकर युवती को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसके साथियों ने युवती को कांधला के निजी चिकित्सक के यहां ले जाकर उपचार कराया और पुलिस को सूचना दिए बगैर ही उपचार कराने के बाद युवती को अपने साथ ले गए। थाना प्रभारी का कहना है कि इस तरह के मामले की कोई जानकारी नहीं मिली है।