शामली। गांव भैंसवाल में कब्रिस्तान की चारदीवारी का निर्माण पैमाइश कराकर नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर आरोप लगाया है कि कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जे की कोशिश की जा रही है।
सोमवार को गांव भैंसवाल निवासी मोहम्मद इलियास, मईनुद्दीन, मोहम्मद जाकिर, अजुबर, हासिम, नसीम, खलील, अनवर, शौकीन, यामीन और इस्लाम कलक्ट्रेट में पहुंचे। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह को शिकायती पत्र देकर कहा कि गांव में कब्रिस्तान आबादी के बीच आ रहा है, जिसकी दक्षिण दिशा में ग्राम सभा की भूमि है। ठेकेदार द्वारा कब्रिस्तान की चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने ठेकेदार से रास्ता और कब्रिस्तान की भूमि की हदबंदी करने के लिए कहा, तो उसने सरकारी रास्ता छोड़ने से मना कर दिया। पैमाइश के लिए लेखपाल को बुलवाने की बात कही। उन्होंने बताया कि हल्का लेखपाल को कई बार सूचना दी, लेकिन वह पैमाइश नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश भी की जा रही हैं, जिसके बारे में पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी हैं। उनकी मांग है कि कब्रिस्तान की भूमि की पैमाइश कराकर चारदीवारी का निर्माण कराया जाए। जिलाधिकारी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।