दुकान का सामान निकालने पर व्यापारियों का हंगामा
कैराना। एक साल पहले व्यापारियों की रकम लेकर गायब हुए सुनार ने अंदरखाने अपनी दुकान बेच दी। उसका भाई रातों रात खरीदार को कब्जा देने पहुंचा तो व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने पहुंचकर दुकान से निकाला गया सामान अंदर रखवा कर दुकान पर ताले लगवा दिए ।
कई साल पहले कैराना में पश्चिम बंगाल निवासी शाहबुद्दीन नाम का एक सुनार ने आकर कारोबार शुरू किया था। उसने कस्बे में दुकान खोली। व्यापारियों का आरोप है कि उस पर कस्बे के कई व्यापारियों का लाखों रुपया उधार हो गया था। इसी से बचने को वो करीब एक साल पहले दुकान बंद कर अचानक गायब हो गया था। व्यापारी उसकी तलाश में थे। हालांकि किसी ने पुलिस में केस दर्ज नहीं कराया था। व्यापारियों के अनुसार शाहबुद्दीन ने गुपचुप ढंग से अपनी दुकान को बेच दिया । शनिवार रात को उसका भाई दुकान खरीदने वाले को कब्जा देने आया। जैसे ही उसने दुकान खोली और और उसके रखी तिजोरी आदि बाहर निकाली। व्यापारियों को भनक लग गई। व्यापारी वहां पहुंच गए और शाहबुद्दीन के भाई को पकड़ लिया। वहां हंगामा हो गया। पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। पुलिस ने दुकान के बाहर निकाली तिजोरी को अंदर रखवाकर दुकान के ताले लगवा दिए । शाहबुद्दीन के भाई को चेतावनी दी गई कि वो अपने भाई को कोतवाली में भेजे। इसके बाद ही दुकान खोलने पर विचार होगा। इस संबंध में राहुल, सचिन और रिंकू, सोनू आदि व्यापारियों ने थाने में तहरीर दे दी है।