अकबरपुर सुनहेटी में महिला की हत्या के मामले में दो भाई सहित तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार शादी में बाधक बनने पर तीनों आरोपी मृतका के ननदोई की हत्या के इरादे से आए थे।
शुक्रवार की शाम सात बजे गांव अकबरपुर सुन्हेटी में बाइक सवार लोगों ने शौकीन के मकान में घुसकर फायरिंग कर दी थी। उस समय घर के अंदर शौकीन के अलावा बसेड़ा निवासी उसका जीजा भी था। जबकि उसकी पत्नी समीना खाना बना रही थी। फायरिंग के दौरान समीना की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद हत्यारे मौके से फरार हो गये थे। सूचना पर रात में ही पुलिस ने मौके पर जाकर पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मामले में कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि समीना के देवर बिलाल निवासी अकबरपुर सुन्हेटी की तहरीर पर रामड़ा निवासी दो सगे भाई शहजाद, फरमान और अकबरपुर सुन्हेटी निवासी ताहिर के विरुद्ध हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। समीना के ननदोई बसेड़ा निवासी इरशाद एवं आरोपी फरमान सगी मौसी के लड़के है। शहजाद अपना निकाह इरशाद की बहन से कराना चाहता था, लेकिन इरशाद शादी के विरुद्ध था। इसके चलते दोनों में रंजिश हो गई थी। हत्यारे इरशाद की हत्या करने के इरादे से वहां आये थे। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।