चौसाना। यमुना खादर क्षेत्र के गांव भड़ी में 25 बीघा पट्टे की भूमि को लेकर दो पक्षों में विवाद गरमा गया। पुलिस चौकी में वार्ता के लिए पहुंचे दो समुदायों के बीच हाथापाई हो गई। दो समुदायों के बीच का मामला होने के कारण पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को वार्ता के लिए पुलिस चौकी ले गई। मामला सुलझता नहीं देख पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों का चालान कर दिया।
गांव भड़ी में 25 बीघा पट्टे की जमीन पर मालिकाना हक को लेकर शब्बीर पुत्र लतीफ और किशोर पुत्र ओमप्रकाश पक्ष में काफी समय से विवाद चल रहा है। उक्त भूमि को शब्बीर और किशोर अपनी बताते हैं। आरोप है कि हल्का लेखपाल ने अभिलेख में जमीन को किशोर के नाम पर बताया, जिसको लेकर सोमवार को फिर से दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। दोनों पक्षों को लोग लाठी-डंडे लेकर आमने सामने आ गए। इसी दौरान सूचना पर चौसाना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी ले आई। वहां बातचीत के दौरान भी दोनों पक्षों में फिर कहासुनी और हाथापाई हो गई। इस पर चौकी प्रभारी ने एक पक्ष से किशोर, सुमित व सुरेंद्र और दूसरे पक्ष से शब्बीर को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया। चौकी प्रभारी का कहना है कि एहतियातन दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है। साथ ही दोनों पक्षों को चेतावनी दी है कि यदि झगड़ा किया, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि उक्त जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका है।