ट्रक चालक की हत्या कर शव जंगल में फेंका
कैराना (शामली)। अकबरपुर सुन्हेटी निवासी ट्रक चालक की हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया। आशंका जताई गई है कि पहचान मिटाने के लिए हत्यारों ने उसे ट्रैक्टर से कुचला भी है। चालक का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की तरफ से अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह गांव अकबरपुर सुन्हेटी-नया गांव मार्ग पर खेत पर जा रहे किसानों ने खुरगान के जंगल में सड़क किनारे गेहूं के खेत में युवक का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पर लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर कैराना कोतवाली प्रभारी भगत सिंह ,कांधला थाना प्रभारी सुनील दत्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। शव की पहचान गांव अकबरपुर सुनैहटी निवासी मुरसलीन के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी। उसका प्राइवेट पार्ट भी काटा गया था। खेत में ट्रैक्टर के पहियों के निशान मिलने से यह आशंका भी जताई जा रही है कि उसे कुचला गया है। इसके बाद उसे सड़क किनारे फेंक दिया गया । परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुरसलीन ट्रक पर चालक था। मंगलवार देर रात वह घर से खुरगान में गन्ना तौल केंद्र पर ट्रक चलाने गया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल सका। इस मामले में मृतक के चाचा इरफान ने अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रास्ते में बिछड़े दोनों भाई
मुरसलीन खुरगान में गन्ना तौल केंद्र पर और उसका छोटा भाई आमिर गांव के महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित तौल केंद्र पर ट्रक चलाते थे। मंगलवार रात करीब नौ बजे ट्रकों में गन्ना लोड होने की जानकारी मिलने पर दोनों भाई तौल केंद्र पर काम करने वाली मशीन पर बैठकर जा रहे थे। सुन्हेटी तौल केंद्र पर आमिर उतर गया। आमिर के अनुसार इसके बाद मुरसलीन खुरगान निवासी एक व्यक्ति के ट्रैक्टर पर बैठा था, लेकिन ठेकेदार ने उस ट्रैक्टर में तेल भरवाने भेज दिया, जिस पर मुरसलीन ट्रैक्टर से नीचे उतर गया था। उसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था। रातभर वह अपने भाई के इंतजार में गाड़ी लेकर भी नहीं गया। तड़के करीब तीन बजे वह गन्ने का ट्रक लेकर थानाभवन शुगर मिल पहुंचा। वहीं पर उसे मुरसलीन के मारे जाने की सूचना मिली।
आसपास ही घूम रही शक की सुई
पुलिस कई बिंदुओं पर हत्या की जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या करने से पहले पूरी साजिश किसी ने रची थी। चालक को ट्रैक्टर से कुचला जाना भी प्रतीत होता है। पुलिस इस घटना में करीबियों का हाथ होने की आशंका भी जाहिर कर दी है। मुरसलीन सहित कई लोगों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस ने कहा कि कई युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मासूम के सिर से उठा पिता का साया
कैराना। कुछ दिन पहले तक मुरसलीन आसपास के गांवों में परचून की दुकानों पर कचरी की फेरी लगाने का काम करता था। कुछ दिन पहले से ही उसने गन्ना तौल केंद्र पर ट्रक चलाना शुरू किया था। मुरसलीन की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी। उसके तीन साल का बेटा उमर है। मुरसलीन तीन भाइयों में बीच का था। बड़ा भाई सालिम व छोटा भाई आमिर है। मृतक के पांच बहनें है।
कोट
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के ढंग से मसला रंजिश का लग रहा है। पुलिस और स्वाट टीम को लगाया गया है। प्रयास होगा कि जल्द केस वर्क आउट हो।
अजय कुमार एसपी शामली