अमर उजाला ब्यूरो
झिंझाना (शामली)। पुलिस ने चेकिंग के दौरान यमुना पुल बिड़ौली चेकपोस्ट पर तस्करी कर लाई जा रही 700 पेटी अंग्रेजी शराब अरुणाचल मार्का बरामद कर ली। बरामद शराब की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। शराब की पेटियां ट्रक में लादकर लाई जा रही थीं। ट्रक सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
झिंझाना थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह करनाल हाईवे स्थित बिड़ौली चेक पोस्ट पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान करनाल की तरफ से आए ट्रक को रोका गया, तो ट्रक को छोड़कर दो युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें शराब की पेटियां लदी मिलीं। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि ट्रक में अरुणाचल मार्का अंग्रेजी शराब की 700 पेटी लदी मिली हैं। मौके से गिरफ्तार आरोपी जगतार सिंह और पंजाब सिंह उर्फ कुलबीर सिंह निवासी बाखलुपुर थाना डेरा बस्सी सासनगर (पंजाब) के खिलाफ शराब तस्करी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर शराब को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शुक्रवार दोपहर न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद शराब की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
बार बार धरपकड़, पर नहीं रुक रही शराब तस्करी
हरियाणा की तरफ से शराब की तस्करी लगातार चल रही है। पूर्व में भी कई बार चेकिंग के दौरान तस्करी की शराब बरामद हुई। हर बार शराब लाने वाले अपना तरीका बदल देते हैं। कभी धान की बोरियों के नीचे छिपाकर शराब लाई जाती है, तो कभी गेहूं की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई जाती है। इसके अलावा कोरियर वैन में भी तस्करी की शराब पकड़ी जा चुकी है। बीते दो महीने के दौरान ही 1500 पेटी से ज्यादा शराब चेकिंग के दौरान यमुना पुल बिड़ौली चेकपोस्ट पर पकड़ी जा चुकी है।
महत्वपूर्ण
- तस्करी कर लाई गई 700 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद
- पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया