शामली। बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर हमले के प्रकरण में मोहल्ला ठठेरान लाहोरी गेट में दीवारों पर ‘मकान बिकाऊ है’ लिखने के मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसपी ने हमले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर कुर्की की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए है। साथ ही निर्दोष लोगों का किसी तरह का उत्पीड़न न किए जाने के भी निर्देश दिए।
करीब 21 दिन पहले शहर के अजुध्या चौक बड़ा बाजार में रात में मोमोज की दुकान पर बजरंग दल कार्यकर्ता हर्ष संगल और हिमांशु आदि पर हमला कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने करीब 50 लोगों के खिलाफ अलग-अलग दो मुकदमे दर्ज किए थे। इस मामले में पुलिस ने उस समय तौफीक, साजिद, चांद, आशु, अरशद, जाकिर, आरिफ, प्रवेश, मुमताज सहित नौ को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कोतवाल सुभाष सिंह राठौर के मुताबिक एक आरोपी वाजिद एक दिन पहले कोर्ट में समर्पण कर जेल चला गया। इस तरह कुल दस आरोपी अब तक जेल जा चुके है। बृहस्पतिवार को इस मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब मोहल्ला ठठेरान लोहारी गेट के लोगों ने पुलिस पर हमले की आड़ में निर्दोष लोगों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए कुछ घरों की दीवारों पर ‘मकान बिकाऊ है’ लिख दिया।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि दीवारों पर ‘मकान बिकाऊ है’ लिखने के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसमें हैंड राइटिंग एक जैसी ही लग रही है। दीवारों पर लिखने और इसके लिए उकसाने वालों की तलाश शुरू कर दी गई है। एसपी ने कोतवाल से कहा कि वीडियो क्लिप के आधार पर निष्पक्ष जांच कर फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तार करें और किसी भी निर्दोष का उत्पीड़न न हो। जो निर्दोष है, उन्हें बता भी दे ताकि वे अपने घर पर आराम से रहे। उन्होंने कोतवाल को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर उनकी कुर्की की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उधर, मोहल्ले में दिनभर लोगों के बीच इस मामले को लेकर लोग आपस में चर्चा करते दिखाई दिए।