पुुलिस को युवक की हत्या में मिले अहम सुराग
झिंझाना। क्षेत्र के गांव बीबीपुर में युवक की गोली मारकर की गई हत्या में पुुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पायी है। हत्या के तीन दिन व्यतीत होने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। उधर, पुलिस ने इस मामले में सुराग मिलने का दावा करते हुए जल्द खुलासा होने की उम्मीद जताई है।
गांव बीबीपुर में तीन दिन पूर्व बबलू उर्फ जितेंद्र का गोली लगा शव गांव के बाहर जंगल में पड़ा मिला था। गोली सिर में दाएं आंख के ऊपर लगी होना बताया गया है। मृत बबलू लगभग एक साल से बीमार चल रहा था। वह अविवाहित था। कोई पुश्तैनी संपत्ति भी उसके हिस्से में नहीं आ रही थी। मृतक के मामा ब्रह्म सिंह ने इस संबंध में तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं किया है। उधर, कार्यवाहक थाना प्रभारी आरके शर्मा ने बताया की बबलू के मोबाइल फोन की काल डिटेल के आधार पर पुलिस आरोपियों के करीब पहुंच गई है। जल्द ही घटना का खुलासा होने की उम्मीद है।