विवादित टिप्पणी का विरोध करने पर छात्र से मारपीट
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव में मदरसे में अपने घर लौट रह छात्र पर दो युवकों ने एक धर्म को लेकर अमर्यादित टिप्पणी कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों युवकों ने छात्र की पिटाई कर दी। पीड़ित छात्र के परिजनों ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थानाक्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी इस्तखार का पुत्र सादिक क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत के मदरसा जामिया बदरूल उलूम में पढ़ाई करता है। आरोप है रविवार की शाम को छात्र पढ़ाई कर पैदल अपने गांव लौट रहा था। जब वह गांव गंगेरू के निकट पहुंचा, तो गांव के दो युवकों ने छात्र को देखकर धार्मिक टिप्पणी कर दी। छात्र द्वारा विरोध किया तो आरोप है कि दोनों युवकों ने पिटाई कर छात्र घायल कर दिया। शोरशराबा होने पर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पीड़ित छात्र ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। सूचना पर छात्र के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर घायल छात्र को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में पीड़ित छात्र के पिता ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोपी दूसरे समुदाय के होने के कारण पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुट गई है। कांधला थाना प्रभारी संजीव कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।