एटीएस टीम गुलजार-शहजाद से पूछताछ कर लखनऊ लौटी
शामली। शामली सहित कई रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की ईमेल पर धमकी देने के आरोपी गुलजार-शहजाद से लंबी पूछताछ करने के बाद एटीएस टीम लखनऊ लौट गई है। एटीएस की टीम लखनऊ जाकर अधिकारियों को रिपोर्ट देगी।
शामली, मेरठ और गाजियाबाद पुलिस की ऑफिशियल ई मेल पर धमकी देने के आरोप में पकड़े गए मेरठ के नंगलाताशी निवासी गुलजार और उसके भाई शहजाद आठ दिन के पुलिस कस्टडी रिमांड पर है। बुधवार शाम को दूसरे दिन शाम को एटीएस की टीम ने आरोपी भाइयों से तीन घंटे से भी अधिक समय तक लंबी पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक एटीएस के सवालों की बौछार के बाद भी आरोपी दोनों भाई कोई खास राज नहीं उगलवा सके। एटीएस की टीम ने उन्हें स्मार्ट फोन देकर मेल भेजने को कहा तो उनसे टाइप नहीं हो सका। आरोपियों का कहना है कि वे मोबाइल चलाना तो जानते है, लेकिन टाइप करना नहीं जानते। इस पर सवाल किया कि जब वे मेल पर मेसेज टाइप नहीं कर सकते तो फिर उनके मोबाइल से मेल भेजने वाले कौन हैं, इस सवाल पर आरोपी कोई जवाब नहीं दे सके। एटीएस और पुलिस टीम ने इस बिंदु पर भी पड़ताल शुरू कर दी है कि कहीं आरोपी गुलजार के मोबाइल से धमकी की मेल भेजने वाले इनके पीछे कोई दूसरे लोग तो नहीं है। अगर मेल भेजने वाले दूसरे लोग है तो उनके इरादे क्या हैं, आरोपियों से उनका क्या संबंध है। पुलिस इन इस सवालों का जवाब तलाश करने की कोशिश कर रही है। हालांकि आरोपियों द्वारा पुराने राग अलापने के कारण पुलिस और एटीएस टीम को अभी तक कोई नई जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी। आरोपी भाईयों से पूछताछ करने के बाद बृहस्पतिवार दोपहर को एटीएस टीम लखनऊ लौट गई।
एटीएस की सर्विलांस टीम आएगी
शामली। एटीएस की एक टीम आरोपी गुलजार-शहजाद से पूछताछ कर लौट गई। आरोपियों ने एटीएस के सवालों का सीधे तौर पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। यह टीम तो लौट गई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह मामला साइबर सेल से जुड़ा होने के कारण एक या दो दिन में लखनऊ से एटीएस की सर्विलांस टीम पहुंचेगी। सर्विलांस टीम आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर जांच पड़ताल करेगी। बताया गया है कि कॉल रिकार्ड में वैसे तो बहुत लोगों से बात होना सामने आया है, लेकिन तीन-चार लोगों से ही अधिकतर समय बात होना पाया गया है। बताया गया है कि एटीएस की सर्विलांस टीम पिछले करीब दो साल का डाटा निकालकर पड़ताल करेगी।
अब तक ये टीमें कर चुकी पूछताछ
कोतवाली पुलिस आरोपी भाइयों गुलजार और शहजाद को आठ दिन के रिमांड पर लेकर मंगलवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पहुंची थी। अब तक एलआईयू, आईबी, कोतवाली पुलिस और एटीएस की टीमें आरोपियों से पूछताछ कर चुकी है।