शाहाबाद (हरदोई)। ढाबा संचालक को जूस पिलाकर बदमाश ने मोबाइल व नगदी लूट ली।
शाहजहांपुर के मोहल्ला विसरात निवासी मनीष (28) ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह लोनी चीनी मिल के सामने ढाबा चलाता है। मंगलवार दोपहर कुछ सामान लेने के लिए वह स्कूटी से शाहाबाद जा रहा था। ढाबे पर खाना खा रहे एक युवक ने उससे बस स्टैंड तक छोड़ने के लिए कहा। इस पर वह युवक को अपने साथ लेकर चल दिया। स्टेशन के पास युवक ने स्कूटी रुकवा ली और एक दुकान से उसे जूस पिलाया। बताया कि आरोपी ने जूस में कुछ मिला दिया, जिसके चलते कुछ दूर चलने के बाद वह बेहोश हो गया। आरोपी ने उसे पास ही एक बाग में डाल दिया और स्कूटी खड़ी कर दी। आरोपी उसकी जेब में रखे 19 हजार रुपये व मोबाइल लेकर भाग निकला। मनीष ने बताया कि देर शाम को होश आने के बाद वह जैसे तैसे ढाबे पहुंचा। कोतवाल जितेंद्र ओझा ने बताया कि तहरीर मिली है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।