बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव मुंडेट कलां निवासी श्रीपाल ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका लड़का अरविंद उर्फ लील्लू 20 मार्च को सुबह करीब साढ़े 11 बजे शामली चीनी मिल में गन्ने की बुग्गी लेकर जा रहा था। रास्ते में जब वह भिक्की मोड़ पर पहुंचा तो दिल्ली अड्डे की तरफ से आई बस ने बुग्गी में टक्कर मार दी थी, जिसमें उसका लड़का अरविंद घायल हो गए और बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया था। दर्ज कराई रिपोर्ट में बस का नंबर लिखा गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बस नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दुर्घटना में घायल ग्रामीण की उपचार के दौरान मौत
शामली। गांव लिसाढ़ निवासी संजीव ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 मार्च को दोपहर वह अपने पिता महिपाल सिंह के साथ लांक बस अड्डे पर सड़क किनारे खड़े थे। उसी समय मेरठ की तरफ से आई गाड़ी ने उनके पिता को टक्कर मारकर गंभीर घायल कर दिया था। पीड़ित के मुताबिक उनके पिता का पहले मेरठ अस्पताल में उपचार चला, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण दिल्ली अस्पताल रेफर कर दिया था। दिल्ली अस्पताल में उपचार के दौरान उनके पिता की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।