अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। एसडीएम ने बृहस्पतिवार की रात छापेमारी कर एक व्यापारी की दुकान और मकान से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। दुकानदार बिना लाइसेंस ये काम कर रहा था। उसे नौकर सहित हिरासत में ले लिया गया।
बृहस्पतिवार की देर रात एसडीएम कैराना डॉ. अमित पाल शर्मा ने तहसीलदार रनबीर सिंह और सीओ राजेश कुमार तिवारी के साथ नगर के मोहल्ला बेगमपुरा चैक बाजार में पटाखा विक्रेता संजय की दुकान पर छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। एसडीएम के अनुसार दुकानदार टीम को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। उसके पास लाइसेंस भी नहीं मिला। मौके से टीम ने संजय और उसके नौकर रवि कुमार को हिरासत में ले लिया। दुकान के पीछे घर की तलाशी भी ली गई वहां भी पटाखे बरामद हुए। इस मामले में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार की ओर से दुकानदार और नौकर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एसडीएम ने व्यापारियों को हिदायत दी है कि बिना लाइसेंस पटाखा ना बेचें। ऐसा करने वालों पर कार्रवाई होगी।