मायके में आई महिला के साथ गांव के ही दो युवकों ने छेड़खानी कर दी। शोरशराबा होने पर आरोपी फरार हो गया। इतना ही नहीं आरोपी की बहनों ने भी महिला के घर पहुंचकर चुप रहने की धमकी दी और विरोध करने पर मारपीट करने के बाद जेवर छीनकर फरार हो गईं। महिला के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रविवार शाम गांव मंडावर निवासी व्यक्ति ने कैराना कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। उसने बताया कि उसकी पुत्री कुछ दिन से मायके में आई हुई है। रविवार शाम उसकी पुत्री घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव के ही दो युवक घर में घुस गए और उसकी पुत्री के साथ अश्लील हरकतें करते हुए छेड़खानी की। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। इसके कुछ देर बाद आरोपी युवक की दो बहने घर पर आई तथा घटना के संबंध में पुलिस से शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देने लगी। विरोध करने पर उसकी बेटी के साथ आरोपी महिलाओं ने मारपीट की और कुंडल आदि छीनकर ले गईं। पीड़िता के पिता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है।