कैराना में कॉलेज परिसर में छात्रों पर हमला
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना (शामली)। मामूली विवाद के चलते एक गुट के छात्रों की भीड़ ने विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में घुसकर परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों पर बेल्टों व हॉकी से हमला कर दिया। इसमें चार छात्र घायल हो गए। घायलों में एक छात्र को गंभीर चोटें आई है। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया है।
बृहस्पतिवार को विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रों के दो गुटों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि एक गुट की ओर से भीड़ महाविद्यालय के गेट के अंदर घुस आई और परीक्षा देकर बाहर आए छात्रों पर लाठी डंडों, बेल्टों व हॉकी से हमला कर दिया। हमले में छात्र अक्षय सैनी निवासी जैनपुर, अंकित म्यान कस्बा बिडौली, निखिल व सुबोध निवासीगण ग्राम बीबीपुर जलालपुर घायल हो गए। घायलों में अक्षय सैनी को गंभीर चोटें आई हैं। ये चारों बीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। इस दौरान हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल छात्रों का कहना है कि जमालपुर के छात्र ने पहले पेपर के दौरान उनके नाम मफलर चोरी करने का आरोप लगाया था। आरोप है कि जब आज वह फिजिकल एजूकेशन का पेपर देकर घर के लिए चले, तो महाविद्यालय के गेट के अंदर दूसरे गुट द्वारा बुलाई गई भीड़ ने हमला कर दिया। हमले में वह घायल तो हुए ही साथ ही उनके तीन मोबाइल फोन भी छीन लिए। हमलावर भूरा, जलालपुर और पावटीकलां गांव के बताए गए हैं। छात्रों ने बताया कि दो दिन पहले भी उनके साथ झगड़ा किया गया था, लेकिन उसमें फैसला करा दिया था। उधर, छात्रों पर हमले की सूचना पर भाजपा नेता अनिल चौहान कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने कोतवाली प्रभारी राजेंद्र कुमार नागर से घटना के संबंध में वार्ता की और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त होने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। भाजपा नेता अनिल चौहान ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य डाक्टर चमन लाल ने बताया कि कालेज में परीक्षाएं चल रही थी। वो कंट्रोल रूम में बैठे थे। एक केला बचने वाले ने आकर बताया कि कालेज गेट पर कुछ युवक डंडे लेकर खडे हैं। उन्हें लगा कि शायद क्रिकेट खेलने वाले युवक हैं। जैसे ही कालेज की परीक्षा समाप्त हुई तो युवक गेट पर आ गए और छात्रों पर हमला कर दिया। उन्होंने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस पहुंची तथा घायल छात्रों को अपने साथ ले गई जबकि हमलावर फरार हो गए थे।