शादी के चार दिन बाद ही नकदी ले उड़ी दुल्हन
शामली।
शादी के चार दिन बाद दुल्हन ससुराल से जेवरात और नगदी समेटकर फरार हो गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस को की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने सोमवार को एसपी देवरंजन वर्मा को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कैराना के आर्यपुरी देहात निवासी राकेश ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि मोहल्ला शंकर सौदियान निवासी एक युवक ने उसकी शादी कराने की बात कही थी। घर में बूढ़ी मां की सेवा को देखते हुए राकेश ने हां कर दी थी। युवक के मांगने पर एक लाख 30 हजार रुपये दे दिए थे, जिसके बाद नौ अप्रैल को राकेश की शादी हरिद्वार में एक धर्मशाला में एक युवती के साथ करा दी गई थी। राकेश के मुताबिक 13 अप्रैल की रात जब वह काम से घर पहुंचा, तो उसे उसकी पत्नी घर से गायब मिली। उसने घर की तलाशी ली तो घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नगद तथा तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। उसने महिला के परिजनों के मोबाइल पर संपर्क किया तो वह बंद मिला। जिसके बाद पीड़ित ने 14 अप्रैल को इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस को की, लेकिन कोतवाली पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए है।