पांच लाख की अंग्रेजी शराब बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। थाना आदर्श मंडी पुलिस ने ट्रक में धागे के बंडलों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही करीब पांच लाख रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब को हरियाणा से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को एसपी अजय कुमार ने बताया कि थाना आदर्श मंडी पुलिस को बृहस्पतिवार की शाम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरियाणा से ट्रक में छिपाकर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब लाई जा रही है। इस सूचना पर पुलिस ने टिटौली चेकपोस्ट पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान करनाल की तरफ से आ रहे ट्रक को रोका गया तो ट्रक चालक और उसमें सवार व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों लोगों को पकड़ लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर ट्रक में धागे के बंडलों में नीचे छिपाकर रखी गई हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की 174 पेटी बरामद हुई। बरामद शराब लगभग एक हजार लीटर है, जिनकी कीमत लगभग पांच लाख रुपये है। पकड़े गए आरोपियों के नाम नौशाद और फरियाद, निवासी गांव मालीपुर थाना कांधला है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि पकड़े गए ट्रक में धागे के 240 कार्टून बरामद हुए। एसपी के मुताबिक धागे को नेपाल ले जाया जा रहा था, जबकि शराब को बिहार में उतारना था। पूछताछ में पता चला कि ट्रक में शराब को इरफान निवासी महटा थाना कांधला ने लोड कराया था। इरफान के बताए अनुसार ही बिहार में शराब उतारने के बाद नेपाल में धागे लेकर जाना था। इस मामले में फरार इरफान की तलाश की जा रही है। प्रेसवर्ता के दौरान आदर्श मंडी थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह भी मौजूद रहे।
हरियाणा की डिस्टलरी कर्मियों की मिलीभगत की आशंका
शामली। एसपी अजय कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 90 हजार लीटर शराब पकड़ी जा चुकी है। इसमें अधिकांशतया बरामद हुई शराब हरियाणा से लाया जाना सामने आया है। इससे यह लग रहा है कि हरियाणा की डिस्टलरी में कार्यरत कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से शराब की तस्करी हो रही है। डिस्टलरी से निकलने वाली शराब के साथ चोरी से अधिक शराब लोड कर दी जाती है। इसके बाद इसे अवैध रूप से बेचा जाता है। एसपी का कहना है कि इस प्रकरण की गहनता से जांच कराई जाएगी और संबंधित डिस्टलरी को नोटिस भेजकर अवगत कराया जाएगा।