शामली। बनत नगर पंचायत में सभासद ने चेयरमैन पर मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। उधर चेयरमैन ने भी सभासद पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच शुरू कर दी।
बुधवार दोपहर नगर पंचायत बनत में सभासद कंवरपाल ने तहरीर दी कि नगर पंचायत में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें उनको निमंत्रण नहीं दिया गया। जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत एडीएम और एसडीएम को की। एसडीएम के कहने पर वह नगर पंचायत में पहुंचा। आरोप है कि चेयरमैन बनत राजीव कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। इस दौरान एक आरोपी ने उसको चाकू मारने की कोशिश की। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को की। उधर, चेयरमैन राजीव कुमार ने भी तहरीर देकर आरोप लगाया कि सभासद हमेशा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करता है। बोर्ड की बैठक नहीं थी बल्कि सम्मान समारोह था। आरोपी सभासद ने उनके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर एसओ आदर्श मंडी धर्मेंद्र सिंह पंवार का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है।