घर छोड़ने का झांसा देकर महिला से किया दुष्कर्म
गढ़ीपुख्ता। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने घर छोड़ने की बात कहकर महिला से गन्ने के खेत में दुष्कर्म किया और फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महिला का मेडिकल कराया गया है।
एक युवक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी मंगलवार को किसी काम से थानाभवन गई थी। शाम को जब वह गांव वापस आने के लिए सवारी का इंतजार कर रही थी, तभी गांव का ही विश्वा पुत्र मोती बाइक पर वहां पहुंचा तथा गांव छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि जब वे गांव के नजदीक जंगल में पहुंचे तो विश्वा महिला को जबरन एक ईख के खेत में खींच ले गया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। बदहवास महिला किसी प्रकार गांव पहुंची तथा परिजनों को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन महिला को लेकर तुरंत कच्ची गढ़ी चौकी पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी दी। गढ़ीपुख्ता थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष मुनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने जसबीर की तहरीर पर आरोपी किे खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।