कांधला (शामली)। मंदिर परिसर में शराब पीने से रोकने पर हुई कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आपस में झगड़ रहे लोग फरार हो गए। बाद में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है।
क्षेत्र के गांव डुंडूखेड़ा में दुल्हेंडी पर रामवतार पक्ष के कई लोग मंदिर परिसर में होली खेल रहे था। आरोप है कि इनमें से कुछ लोग मंदिर के अंदर शराब पीने लगे। इस बात को लेकर इनकी नीरज, रुपेश से कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के लोग अपने हाथों में लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों के बीच लाठी डंडे चल गए। संघर्ष में रामवतार पक्ष की ओर से बिट्टू, सत्यपाल, रामनिवास, रामरतन तथा नीरज पक्ष की ओर से रुपेश, नीरज, विक्की, आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में संघर्ष के दौरान लोगों में भगदड़ मच गई मामले की सूचना पुलिस को दी गई पुलिस ने गांव में पहुंचकर दोनों पक्षों के लोगों को हल्का बल प्रयोग कर तीतर बीतर कर दिया। परिजनों ने घायलों को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए भर्ती कराया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि दोनों ओर से तहरीर मिली है। जांच पड़ताल के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।