झिंझाना (शामली)। गैस एजेंसी के कर्मचारी बनकर ठगी करने वाला गिरोह झिंझाना क्षेत्र में सक्रिय है। एक ही दिन में तीन स्थानों से ठगों ने लोगों को गुमराह करके गैस सिलिंडर लिए और फरार हो गए। पीड़ितों ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
विद्युत विद्युत के अवर अभियंता राजेंद्र का परिवार कस्बा झिंझाना के मोहल्ला कानूनगोयान में रहता है। शनिवार सुबह उनकी पत्नी घर पर अकेली थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और खुद को गैस एजेंसी कर्मचारी बताकर रसोई गैस सिलिंडर की जांच के बहाने अंदर घुस गए। युवकों ने उन्हें बताया कि सिलिंडर में कमी आ गई है, इसे एजेंसी पर ले जाना पड़ेगा। इसके बाद गैस सिलिंडर लेकर शातिर युवक फरार हो गए। इसके अलावा गांव मंगलौरा में सीताराम और गांव बिड़ौली में उदल के घर पर भी शनिवार को ही इसी तरह के दो शातिर ठग पहुंचे और सिलिंडर लेकर चंपत हो गए।
इस संबंध में पीड़ितों ने गैस एजेंसी संचालक से संपर्क किया, तो एजेंसी संचालक अजय बंसल ने बताया कि एजेंसी से किसी कर्मचारी को सिलिंडर की जांच के लिए नहीं भेजा गया। तब लोगों को पता चला कि गैस सिलिंडर को शातिर ठग ले गए हैं। इसके बाद पीड़ितों ने थाना झिंझाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। शातिर ठगों को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।
गैस चूल्हों की जांच के नाम पर अवैध वसूली का आरोप
झिंझाना। कस्बा झिंझाना के लोगों ने उपजिलाधिकारी को शिकायत पत्र भेजकर गैस एजेंसी कर्मियों पर गैस चूल्हों की जांच के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है। आरोप है कि 340 रुपये गैस सिलिंडर जांच के नाम पर वसूले जा रहे है, लेकिन रसीद 150 रुपये दी जा रही है। चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा। मौके पर हैदर पीरजी, आशु शर्मा, अनिल देव शर्मा, लवी मित्तल, बिल्लू शर्मा, अंकुर, धर्मबीर सरोहा, अमित, बंटी तोमर, राजकुमार और ओमप्रकाश सैनी आदि उपभोक्ता शामिल हैं।