स्कूल से लौटते वक्त तीन युवकों ने पहले छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की और गांव के अन्य युवक द्वारा विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। ग्रामीणों को घटना का पता चलने पर उन्होंने युवकों को पकड़ लिया और धुनाई कर दी। एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए।
क्षेत्र के गांव मरगूबगढ़ निवासी तीन छात्राएं कस्बे के किसान इंटर कॉलेज में कक्षा सात और आठ की छात्राएं हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे छात्राएं स्कूल से घर लौट रही थी। चरथावल मार्ग पर जैसे ही वे कृष्णा नदी के पुल पर पहुंची तो पीछे से बाइक पर आ रहे तीन युवकों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसी समय मरगूबगढ़ निवासी ही अमित कुमार अपनी चाची के साथ आ रहा था। उसने छेड़छाड़ का विरोध किया तो, युवकों ने अमित और उसकी चाची के साथ भी मारपीट कर दी। हंगामा बढ़ने पर तीनों युवक मौके से फरार होकर मुल्लापुर मार्ग पर पहुंच गए। सूचना पर गांव ग्रामीण मुल्लापुर रोड पर पहुंचे और मनचलों की धुनाई शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी अमन पुत्र ऋषिपाल को हिरासत में ले लिया। जबकि दो अन्य मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।