छात्रों को कोचिंग सेंटर से खींचकर हमला बोला
कांधला (शामली)। वर्चस्व को लेकर दो छात्र गुटों में जमकर मारपीट हो गई। एक गुट के छात्रों ने कोचिंग सेंटर में घुसकर छात्रों पर हमला बोल दिया। कोचिंग सेंटर से बाहर खींचकर छात्रों की पिटाई की गई। हॉकी और अवैध असलहों से प्रहार करके दो छात्रों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। छात्रों के बीच हुए संघर्ष से मौके पर अफरातफरी का आलम हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके साथी फरार हो गए।
कस्बा कांधला के रेलवे रोड स्थित कोचिंग सेंटर पर क्षेत्र के गई गांव से छात्र कोचिंग के लिए पहुंचते है। कुछ दिन से गांव एलम और हुरमजपुर के छात्रों में वर्चस्व को लेकर तनातनी चल रही थी। इस प्रकरण को लेकर कई बार दोेनो गुटों में मारपीट हो चुकी है। शनिवार की दोपहर गांव एलम निवासी प्रिंस और गांव नाला निवासी अवनीश कोचिंग सेंटर में अध्ययन कर रहे थे। इसी बीच पुराने विवाद को लेकर गांव भभीसा और हुरमजपुर निवासी आधा दर्जन छात्र हॉकी और डंडे लेकर कोचिंग सेंटर पर जा पहुंचे। प्रिंस और अवनीश को खींचकर कोचिंग सेंटर से बाहर निकाल लिया और पिटाई शुरू कर दी। सरेराह छात्र गुटों में मारपीट से भगदड़ मच गई। छात्रों पर हॉकी के साथ ही तमंचे की बटों से प्रहार किए गए, जिस कारण दोनों छात्र घायल हो गए। इसके बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गए। इस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल दोनो छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। थाना प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि हमलावरों में से एक युवक को हिरासत में ले लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। तहरीर आने के बाद आरोपी छात्रों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।