कैराना (शामली)। कॉलेज जाती छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने अभिभावक के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कस्बा कैराना के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसके परिवार और पड़ोस की छात्राएं नगर के एक कॉलेज में पढ़ती है। आरोप है कि शामली रोड पर मनचलों ने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर दी। उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, मोहल्ला दरबार खुर्द निवासी असगर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसके बच्चों का पड़ोस के ही बच्चों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी के चलते पड़ोसी परिवार ने उसके घर में घुसकर हमला कर दिया। इसमें वह घायल हो गया। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।
मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज
कैराना (शामली)। गांव अकबरपुर सुनहेटी निवासी असजद ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शुक्रवार सुबह कैराना आ रहा था। आरोप है कि रास्ते में अरशद और अफसर निवासीगण ग्राम दभेड़ी खुर्द ने गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।