सहारनपुर पुलिस ने रविवार को मुख्य बाजार में स्थित एक सराफ की दुकान पर पर छापा मारा और दुकान से नानौता में एक मकान से चोरी किए गए जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस सराफ को हिरासत में लेकर अपने साथ लेकर चलने लगी तो आसपास के व्यापारियों ने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस से सराफ को छुड़ा लिया।
नानौता (सहारनपुर) पुलिस ने थाना क्षेत्र में हुई चोरी की एक घटना का खुलासा किया है। इसमें शामिल सोहजनी जलालाबाद निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसी आरोपी ने पुलिस को चोरी के जेवरात जलालाबाद में सराफ को बेचने की बात कही थी, जिस पर उसे साथ लेकर थानाध्यक्ष नानौता रविवार को जलालाबाद पहुंचे थे। मुख्य बाजार में स्थित सराफ के यहां दबिश दी। पहले तो सराफ ने जेवरात खरीदने से इंकार किया लेकिन पुलिस की सख्ती और पकड़े गए चोर के बताने पर जेवरात पुलिस को सौंप दिए। पुलिस ने आरोपी के साथ सराफ को ले जाने लगी तो व्यापारियों विरोध किया और हंगामा कर उसे छुड़ा लिया। सराफ के जांच में सहयोग करने के आश्वासन पर सहारनपुर पुलिस उसे छोड़कर चली गई। थानाध्यक्ष नानौता का कहना है कि सराफ के यहां से करीब 180 ग्राम चांदी के जेवर बरामद हुए है।