कैराना। साउथ अफ्रीका में दो चचेरे भाइयों की नौकरी लगवाने के नाम पर 13 लाख 25 हजार रुपये ठग लिए गए। एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिश्तेदार व महिला समेत चार आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
शामली के मोहल्ला पंसारियान निवासी आसिफ ने एसपी के आदेश पर कैराना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी मुलाकात झिंझाना निवासी रिश्तेदार वाजिद से हुई थी। वाजिद ने बताया कि उसका छोटा भाई जुनैद साउथ अफ्रीका में रहता है। वह और वाजिद दोनों मिलकर विदेशों में नौकरी लगवाने का काम करते हैं। वाजिद ने व्हाट्सएप काल से अपने भाई जुनैद से बात कराई।
वाजिद का कहना है कि उसने घर आकर इस विषय में परिवार के सामने रखी तो उसके दो चचेरे भाई अनस निवासी सुरजीत काॅलोनी शामली व जाबिर निवासी गांव गोगवान थाना कैराना विदेश में नौकरी करने के लिए तैयार हो गए। एक दिसंबर 2024 को वे तीनों झिंझाना में वाजिद के आवास पर जुनैद के माता पिता से मिले तो उन्होंने विदेश में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। जुनैद की मां छम्मो ने व्हाट्सएप काल पर जुनैद से बात कराई। जुनैद ने नोएडा सेक्टर 27 में ईशा तोमर के पास दोनों के पासपोर्ट जमा करने और 30-30 हजार खर्चे के जमा करने को कहा। इसके बाद पांच दिसंबर को वह नोएडा गया तथा ईशा तोमर को पासपोर्ट देने के साथ ही 60 हजार रुपये उसके बताए खाते में पेटीएम से भेज दिए।
12 दिसंबर को जुनैद व ईशा तोमर ने कहा कि वीजा व फ्लाइट में अड़चनें आ रही हैं, जिस पर आरोपियों ने फिर से 30 हजार रुपये खाते में डलवाए। 17 दिसंबर को ईशा तोमर शामली उनके आवास पर आईं और कहा कि पांच लाख और देने पड़ेंगे, नहीं तो उनका वीजा कैंसिल हो जाएगा। इससे वे डर गए और चार लाख और देने तय कर लिए। इसके बाद ईशा तोमर को एक लाख 80 हजार रुपये नकद और दो लाख 15 हजार रुपये उसके खाते में भेज दिए गए।
इस तरह से उनसे कुल 13 लाख 25 हजार रुपये आरोपियों ने ऐंठ लिए। अभी तक न तो उन्हें वीजा मिला और न ही कोई ठोस आश्वासन। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।