झिंझाना। गांव काला माजरा अजीजपुर रोड पर चेन स्नेचिंग करने वाला बदमाश सूरज पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसका साथी मिथुन मौके से भाग गया। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश अंतरराज्यीय चेन स्नेचर है और उस पर हरियाणा समेत दक्षिण भारत के राज्यों में चेन स्नेचिंग के मामले दर्ज हैं।
बृहस्पतिवार सुबह झिंझाना थाना प्रभारी को क्षेत्र में चेन स्नेचिंग करने वाले बदमाशों की मुखबिर द्वारा सूचना मिली। पुलिस ने काला माजरा अजीजपुर रोड पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक पर आए दो संदिग्ध युवकों को देखकर पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए बाइक को जंगल में कच्चे रास्ते पर दौड़ा दिया। पुलिस ने पीछा करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश मौके से भाग निकाला। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घायल बदमाश ने अपना नाम सूरज निवासी खानपुर बताया, जबकि मौके से भागे साथी का नाम मिथुन निवासी अलाऊद्दीनपुर बताया। पकड़े गए बदमाश के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की गई है।
एएसपी ने बताया कि सूरज अंतरराज्यीय शातिर चैन स्नेचर है, जिसके विरुद्ध विशाखापट्टनम, आंध्रप्रदेश, उज्जैन, मध्यप्रदेश, हिसार, हरियाणा व तमिलनाडु आदि में चेन स्नेचिंग के मामले दर्ज हैं। चेन स्नेचर सुबह सुबह के समय टहलने वाली महिलाओं के गले से चेन स्नेचिंग करने की वारदात करते थे। उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत के राज्यों से बदमाश का आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। मौके से भागे बदमाश की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं।