शामली। जनपद में पुलिस की सख्ती के बावजूद अपराध का नेटवर्क अब राज्य की सीमाओं को पार कर चुका है। मुठभेड़ों में ढेर किए गए इनामी बदमाशों के गिरोह के सदस्यों और सक्रिय गैंगस्टरों की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शामली के कई गैंगस्टर हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड में शराब के ठेकों और प्रॉपर्टी डीलिंग की आड़ में लूट, चोरी और अन्य संगीन वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ये गैंगस्टर हरियाणा के करनाल, पानीपत, सोनीपत और रोहतक, उत्तराखंड के देहरादून व हरिद्वार, दिल्ली के खजूरी खास व साउथ दिल्ली और यूपी के गाजियाबाद समेत कई शहरों में सक्रिय हैं। वारदात के बाद ये लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते हैं, जिससे पुलिस के लिए इन तक पहुंचना चुनौती बना हुआ है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में पुलिस ने जिले के 15 सक्रिय गैंगस्टरों को चिन्हित किया है। इनके साथ करीब 20 ऐसे लोग भी रडार पर हैं, जो प्रॉपर्टी डीलिंग और अन्य कारोबार की आड़ में इनकी मदद कर रहे हैं।
n कारोबार की आड़ में अपराध का खेल : जांच में सामने आया है कि कई गैंगस्टर प्रॉपर्टी डीलिंग और शराब के ठेकों में साझेदारी दिखाकर अपना नेटवर्क खड़ा कर रहे हैं। इसी आड़ में वे अलग-अलग राज्यों में जाकर वारदातों को अंजाम देते हैं और फिर सुरक्षित ठिकानों पर छिप जाते हैं।
क्राइम ब्रांच ने चिन्हित गैंगस्टरों और उनके गुर्गों की सूची तैयार कर ली है। हाल ही में जेल से बाहर आए बदमाशों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।