शामली। शहर की एक शोभायात्रा देखने निकले दो सगे भाई और उनका चाचा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से तीनों को शीघ्र बरामदगी की मांग की है।
धर्मपुरा निवासी लव जैन ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके 14 वर्षीय बेटे चिराग जैन, नौ वर्षीय कुशाग्र जैन और भाई कुश जैन तीन नवंबर को दोपहर करीब 12:35 बजे घर से शोभायात्रा देखने के लिए निकले थे। करीब डेढ़ बजे कुशाग्र ने फोन कर बताया कि वह गुरुद्वारे के पास खड़ा है, जबकि चिराग अपने दोस्त के घर गया है। पिता ने उसे वहीं रुकने को कहा और स्वयं मौके पर पहुंचने लगे।
जब लव जैन गुरुद्वारे पहुंचे तो कुशाग्र का कोई पता नहीं चला। उन्होंने आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों और मित्रों से संपर्क किया, लेकिन तीपों का कोई सुराग नहीं मिला। अब वह मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ बताया जा रहा है, जिससे अंतिम बार बात हुई थी। पुलिस ने बताया कि तीनों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।