शामली/कैराना। बरेली में आई लव मोहम्मद बैनरों को लेकर हुए बवाल के बाद शुक्रवार को जिलेभर में पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आया। नमाज से पहले शहर में पुलिस ने पैदल मार्च निकालकर माहौल खराब करने वालों को सख्त चेतावनी दी। वहीं, ईदगाह और मस्जिदों के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
शुक्रवार को जुमे की नमाज को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरती। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र कसाना के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर में पैदल मार्च निकालकर लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। इस दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
कैराना रोड स्थित ईदगाह समेत शहर की प्रमुख मस्जिदों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। ग्रामीण क्षेत्रों कैराना, कांधला, झिंझाना, थानाभवन और गढ़ीपुख्ता में भी पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और पुलिस का सहयोग करें।