झिंझाना। जय सीताराम किसान इंटर काॅलेज की ओर से कस्बे में आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राॅली ने सड़क पर खड़े 4 वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए भाग गए।
शुक्रवार की देर शाम कस्बे के सन्नी अपने साथी सुनील के साथ खेत से ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर घर लौट रहे थे। जब वे पीठ बाजार स्थित डीएवी स्कूल के बाहर पहुंचे तो चालक सन्नी नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राॅली ने सड़क पर खड़े वाहन और स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना में खुशी पत्नी मोनू गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दो लोग स्कूटी छोड़कर भागकर जान बचाने में सफल रहे।
हादसे में आशीष मित्तल की कार मोनू शर्मा और राजकुमार, सोनू की स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और सन्नी व सुनील को पब्लिक की मदद से हिरासत में ले लिया। संवाद