शामली। जिले में जातिसूचक शब्द लिखे वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने अभियान चलाया। यातायात पुलिस ने दस वाहनों के चालान किए। इसके अलावा जिले में अन्य मामलों में 283 वाहनों के चालान हुए।
शासन के निर्देश पर जिले में जाति लिखे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शुक्रवार को शहर में विजय चौक, अजंता चौक, गुरुद्वारा तिराहा, रेलपार बाईपास तिराहा समेत प्रमुख चौराहों पर अभियान चलाया गया। इसके अलावा कांधला व कैराना कस्बे में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। जिला यातायात प्रभारी लाल विराट भारद्वाज ने बताया कि जाति सूचक लिखे 10 वाहनों के चालान किए गए। इनके अलावा बिना हेलमेट, सीट बेल्ट के बिना वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने, दुपहिया वाहन पर तीन सवारी आदि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 283 वाहनों के चालान किए गए। उन्होंने बताया कि वाहन पर जाति सूचक शब्द लिखने पर दो हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है।