कांधला। थाना कांधला पुलिस को मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो तस्करों को अवैध चरस के साथ दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नई बस्ती निवासी इनाम और बिजली घर रोड निवासी जावेद के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने दोनों को रोककर उनकी तलाशी ली। इस दौरान इनाम के पास से 300 ग्राम चरस और जावेद के पास से 350 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।