चौसाना/बिडौली। नेशनल हाईवे-709ए पर बिडौली स्थित परशुराम चौक के पास सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बारिश या पानी भर जाने पर गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे राहगीर और वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं।
शकील व राहुल का कहना है कि पिछले करीब छह महीनों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हाल ही में एक ई-रिक्शा गड्ढे में गिरकर पलट गया, जिसमें एक महिला का हाथ टूट गया और एक अन्य व्यक्ति के पैर में चोट आई।
रविवार को चौसाना निवासी किसान हरियाणा से पराल लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहा था, लेकिन परशुराम चौक पर ट्रॉली गहरे गड्ढे में फंसकर पलट गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टोल टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन सड़क की मरम्मत और निगरानी पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और लगातार हो रहे हादसों को रोकने की मांग की है।