जिला अस्पताल में कुट्टू खाने से बीमार मरीज। संवाद
शामली। कुट्टू का आटा खाने से गांव ऐरटी व बाबरी क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर में आठ लोग बीमार हो गए। बीमार होने वालों में बाबरी थाने की महिला पुलिसकर्मी भी शामिल है। उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार है।
नवरात्र के दौरान कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी व अन्य चीजें खाने से लोगों की हालत बिगड़ रही है। शनिवार शाम को गांव ऐरटी निवासी प्रदीप व उनकी पत्नी कोमल ने कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी से व्रत खोला था। थोड़ी देर बाद उन्हें पेट दर्द व उल्टी की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ।
उधर, बाबरी क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर से एक परिवार के चार लोग श्याम सिंह, उनकी पत्नी कौशल्या, पुत्र अजय व अजय की पत्नी मुस्कान ने भी शनिवार रात को कुट्टू के आटे का सेवन किया था, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। उनका अस्पताल में उपचार कराया गया। उन्होंने बाबरी की दुकान से कुट्टू का आटा खरीदना बताया है। उन्होंने दुकान पर जाकर दुकानदार से शिकायत भी की। इसके अलावा बाबरी थाने पर तैनात महिला पुलिसकर्मी ममता व उनके पति अरुण की भी व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खाने से तबियत बिगड़ गई थी। उन्होंने निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया। उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार होना बताया है।
विदित हो कि दो दिन पहले गढ़ीपुख्ता व क्षेत्र के कई गांवों में और शामली के मोहल्ला आर्यपुरी में कुट्टू की पकौड़ी खाने से 20 से ज्यादा लोग बीमार हुए थे। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार आया था।