कैराना। बाईपास रोड पर दस टायरा ट्रक में कटान को ले जाए जा रहे गोवंश को
पुलिस ने मुक्त कराया। ट्रक में गोवंशों को ठूंस ठूंसकर भरा गया था। जिसमें
दो बछड़ों की मौत भी हो गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को भी हिरासत में लिया
है। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई।
शुक्रवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि बाईपास रोड से गोवंशों से भरा दस टायरा ट्रक आ रहा है। जिस पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को एक ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रक रोक दिया और उसमें सवार लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक में चालक सहित तीन लोगों को पकड़ा। जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो उसमें 30 गोवंशों को बुरी तरह गर्दन और पैर बांधकर लादा गया था।
जिससे अंदाजा लग रहा था कि इन गोवंशों को कटान के लिए ले जा रहा है। पुलिस तीनों आरोपियों सहित ट्रक को कोतवाली ले आई और उसमें से गोवंशों को बाहर निकाला। कोतवाली में पुलिसकर्मियों ने एक-एक कर गोवंशों को ट्रक से बाहर निकाला।
ट्रक के अंदर बुरी तरह से फंसा हुआ एक बछड़ा मर चुका था। जबकि एक बछड़ा ट्रक से उतारने के बाद मर गया। ट्रक में भरे बैल, गाय व बछड़े भी बुरी हालत में थे। पुलिस ने गोवंशों को ट्रक से निकाल कर कोतवाली में बांध दिया। कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि आरोपी साजिद अंसारी, ताबिस खान निवासीगण मोहल्ला अफगानान व कामिल निवासी मोहल्ला पोसखाना के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम व तस्करी के मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।