शामली। विधानसभा चुनाव की दस मार्च को होने वाली मतगणना की तैयारियों के लिए मंडी परिसर में बैरिकेडिंग कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मंडी की 30 से ज्यादा दुकानों और चार नीलामी चबूतरों का चुनाव के लिए अधिग्रहण किया गया है।
मतदान के बाद मंडी की दुकानों में कैराना, थानाभवन और शामली विधानसभा सीटों के स्ट्रांग रूम बनाकर ईवीएम और वीवीपैट को रखवाया गया था। दस मार्च को होने वाली मतगणना के लिए शामली मंडी में मतगणना के लिए टेबिल लगाई जा रही हैं। दूसरी ओर, विधानसभावार बैरिकेडिंग का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। एडीएम वित्त संतोष कुमार ने बताया कि मतगणना स्थल पर नीलामी चबूतरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में मतगणना होगी। ईवीएम की गणना के लिए आयोग को रिपोर्ट भिजवाने के लिए अलग से कंप्यूटर सिस्टम लगाए जाएंगे। प्रक्षेक रूम, जिला निर्वाचन अधिकारी, उप निर्वाचन अधिकारी कक्ष और मीडिया सेंटर की स्थापना की जाएगी। शामली मंडी की दुकानों में बनाए गए मीडिया सेंटर में टीवी लगवाए जाएंगे। एडीएम संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मतगणना स्थल पर सुबह छह बजे से मतगणना कार्मिकों, मतगणना एजेंटों को बुलाया गया है। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी।