शामली। विधायक सुरेश राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं। प्रदेश में अराजकता का माहौल है। थाने भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं। एक पक्षीय कार्रवाई करती है, जिससे जनता में असंतोष पनप रहा है।
बुधवार को भाजपा ने बाबरी थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान थानाभवन से भाजपा विधायक सुरेश राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार तुष्टिकरण की नीति पर कार्य कर रही है। 2013 के सांप्रदायिक दंगे के दौरान सरकार ने दंगे के आरोपी मौलाना नजीर को हेलीकॉप्टर सेे लखनऊ भेजा, जबकि भाजपा नेताओं को पुलिस कस्टडी में वज्र वाहन से जेल भिजवाया गया।
दंगे के दौरान 70 साल के बुजुर्गों पर भी केस दर्ज किए गए। एटा में जहरीली शराब से लोगों की मौत हुई। प्रदेश सरकार ने अवैध शराब बिक्री को बढ़ावा दिया है। आबकारी विभाग को खुद मुख्यमंत्री देखते हैं, बावजूद इसके अवैध शराब के धंधों पर अंकुश नहीं लगवा पा रहे। प्रदेश में पुलिस वालों की जान भी सुरक्षित नहीं है, आए दिन पुलिसकर्मियों पर हमले हो रहे हैं।
भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश सरकार में काबिज भ्रष्ट और अराजकता को बढ़ावा देने वाले मंत्रियों को जेल भिजवाया जाएगा। प्रदेश की जनता गुंडागर्दी से त्रस्त है, जिसका जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में सपा को दिया जाएगा। वहीं, उन्होंने बंतीखेड़ा गांव के परिवार द्वारा पलायन करने की बात पर कहा कि थानाभवन क्षेत्र को किसी भी सूरत में कैराना नहीं बनने देंगे।
इसके साथ ही विधायक ने कहा कि क्षेत्र का किसान बुरी तरह त्रस्त है। किसानों को बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं मिल रहा है। बिजली विभाग बकायादारी पर किसानों के खिलाफ केस दर्ज कर उत्पीड़न करने में लगा हुआ है।
धरने के संयोजक डॉ. योगेंद्र सिंह प्रधान रहे। इस दौरान जिलाध्यक्ष पवन तरार, डॉ. प्रियंवदा तोमर, रामजीलाल कश्यप, पंकज राणा, अमित शर्मा प्रधान, अशोक शर्मा प्रधान, पूर्व प्रधान बिल्लू, प्रधान सरवीर मलिक, सेवाराम सैनी, संजय शर्मा, योगराज शर्मा, आदित्य प्रधान आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।